### भीमताल झील के संरक्षण को लेकर सरकार की बड़ी पहल, चार दिन तक चला वैज्ञानिक सर्वेक्षण
झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और जमा गाद का होगा आकलन, ड्रेजिंग की संभावनाओं का भी तैयार होगा तकनीकी खाका
देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल भीमताल झील के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA), मुख्यालय देहरादून की ओर से 20 से 23 नवंबर 2026 तक झील का चार दिवसीय विस्तृत वैज्ञानिक बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया गया। इस सर्वेक्षण के माध्यम से झील की वास्तविक गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के अनुसार सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य भीमताल झील की वर्तमान स्थिति का वैज्ञानिक मूल्यांकन करना और भविष्य में इसके पुनर्जीवन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है। इसके साथ ही झील से गाद निकालने (ड्रेजिंग) की संभावनाओं का भी तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है।
सर्वेक्षण का कार्य रुड़की की सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के माध्यम से आधुनिक उपकरणों की मदद से पूरा कराया गया। इसके तहत मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर उपकरण से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, झील की परिधि पर DGPS उपकरण के माध्यम से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए।
इस कार्य में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर तथा मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। उपकरणों में RTK/CORS करेक्शन की व्यवस्था के साथ ट्रांसड्यूसर की माउंटिंग डेप्थ, ऑफसेट और जलस्तर का मापन भी किया गया। सर्वेक्षण की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। इसके अलावा क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाहरी सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया।
तैयार होगा झील का 3D डिजिटल मॉडल
सर्वेक्षण के आधार पर भीमताल झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस और साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही 3D डिजिटल टेरेन मॉडल (DTM), 10 मीटर CAD क्रॉस-सेक्शन, कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी और एरिया-कैपेसिटी कर्व भी विकसित किए जाएंगे।
गाद निकासी की संभावनाओं का होगा आकलन
सर्वेक्षण से झील के तल पर जमा तलछट की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का पता चल सकेगा। इससे यह स्पष्ट होगा कि झील के किन हिस्सों में सबसे अधिक गाद जमा है और वैज्ञानिक तरीके से उसकी निकासी कितनी संभव है। इन आंकड़ों के आधार पर भीमताल झील के संरक्षण, जल संग्रहण क्षमता में सुधार और दीर्घकालिक पुनर्जीवन के लिए तकनीकी योजना तैयार करने में मदद मिलेगी।
Pushkar Singh Dhami #nainital #bhimtal #uttrakhand





Leave a comment