घर से निकला 23 वर्षीय युवक सुबह नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला, गांव में मचा हड़कंप*

*घर से निकला 23 वर्षीय युवक सुबह नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला, गांव में मचा हड़कंप*

 

–पांच माह की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल; पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच–

 

अल्हागंज-27 नवम्बर 2026(अमित वाजपेयी) । थाना अल्हागंज क्षेत्र के गांव खुजरिया नगला में एक 23 वर्षीय युवक का शव गांव से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक बीती रात करीब नौ बजे घर से निकला था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा तो गांव में हड़कंप मच गया।

 

मृतक की पहचान सुधीर पुत्र दोदराम (23 वर्ष) निवासी खुजरिया नगला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुधीर गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर एक नीम के पेड़ से उसका शव लटका हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही थाना अल्हागंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच-पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

बताया जाता है कि सुधीर दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई ब्रजपाल है। मृतक की पांच माह की एक मासूम बेटी है। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मासूम बच्ची और परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

 

परिजनों के अनुसार युवक का किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

*मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया*

 

जिस बच्ची ने अभी ठीक से दुनिया को समझना भी शुरू नहीं किया, उसके सिर से महज पांच माह की उम्र में पिता का साया उठ गया। सुधीर की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *