बात बंद की तो पीछा करने लगा जिम ट्रेनर, घर-ऑफिस तक करने लगा पीछा, कार के आगे बाइक लगाकर महिला का रास्ता रोका
चेन्नई में एक महिला से बातचीत बंद करना जिम ट्रेनर को इतना नागवार गुजरा कि उसने कथित तौर पर उनका पीछा करना और परेशान करना शुरू कर दिया. आरोप है कि महिला जहां भी जाती थीं, आरोपी वहां पहुंच जाता था और उनसे बात करने का दबाव बनाता था.
मामला इतना बढ़ गया कि उसने सड़क पर महिला की कार के सामने अपनी बाइक लगा दी और रास्ता रोककर गाली गलौज की. परेशान होकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जिम ट्रेनर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 36 वर्षीय दिनेश के रूप में हुई है. अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
जिम में हुई थी मुलाकात, धीरे धीरे बढ़ने लगी दूरी
पुलिस के मुताबिक, मामला चेन्नई के पाडी इलाके का है. यहां रहने वाली 41 वर्षीय महिला अपने पति से अलग होकर बेटे के साथ रहती हैं. वह इसी इलाके में एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी भी चलाती हैं. साल 2024 में महिला की मुलाकात घर के पास स्थित एक जिम में दिनेश से हुई थी. 36 वर्षीय दिनेश वेलाचेरी की टीएनएचबी कॉलोनी का रहने वाला है और पेशे से जिम ट्रेनर है. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य जान पहचान थी, लेकिन कुछ समय बाद महिला को दिनेश का व्यवहार ठीक नहीं लगने लगा. इसके बाद उन्होंने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और बातचीत बंद कर दी. आरोप है कि महिला का यह फैसला दिनेश को पसंद नहीं आया और उसने उनसे दोबारा बात करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया.
घर से ऑफिस तक पीछा करने का आरोप
महिला के बातचीत बंद करने के बाद आरोपी कथित तौर पर उन्हें लगातार परेशान करने लगा. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दिनेश महिला के घर और ऑफिस तक पहुंचने लगा था. वह दूसरी जगहों पर भी उनका पीछा करता और उनसे बातचीत करने की कोशिश करता था. महिला ने उससे दूरी बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं. आरोप है कि दिनेश लगातार महिला से संपर्क करने और बात करने का दबाव बना रहा था. इस वजह से महिला काफी परेशान थीं.
कार के सामने बाइक लगाकर रोका रास्ता, की गाली गलौज
18 नवंबर को आरोपी की हरकतें कथित तौर पर और बढ़ गईं. महिला अपनी कार से तिरुमंगलम के पार्क रोड पर एक निजी स्कूल के पास से गुजर रही थीं. इसी दौरान दिनेश दोपहिया वाहन से वहां पहुंच गया. आरोप है कि उसने अपनी बाइक महिला की कार के सामने लगा दी और उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ गाली गलौज की और उन्हें कार से बाहर आने के लिए कहा. इस घटना से परेशान होकर महिला ने तिरुमंगलम पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू की.
24 नवंबर को पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून के तहत मामला दर्ज किया. मामले की जांच वी 5 तिरुमंगलम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में की गई. जांच के बाद पुलिस टीम ने 24 नवंबर को आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी न्यायिक हिरासत में है.












