दो दिन बाद कटरा में बेहोशी की हालत में मिले ब्रह्मदेव मिश्रा, जिला अस्पताल में भर्ती
घर से टहलने निकले 58 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने के बाद परिजन कर रहे थे तलाश, पीड़ित ने कार सवारों द्वारा बेहोश किए जाने की बात बताई
#शाहजहांपुर। अजीजगंज वार्ड संख्या 6 के नवादा इंदेपुर निवासी भाजपा शक्ति केंद्र संयोजक 58 वर्षीय ब्रह्मदेव मिश्रा दो दिन बाद शुक्रवार सुबह कटरा में Honda एजेंसी के पास बेहोशी की हालत में मिले। परिजनों के मुताबिक, Honda एजेंसी कर्मी का सुबह उनके बेटे को फोन आया, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। ब्रह्मदेव मिश्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, ब्रह्मदेव मिश्रा 24 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे घर से टहलने निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। उनकी तलाश में परिवार के लोग लगातार परेशान थे। लापता होने की सूचना कोतवाली में भी दर्ज कराई गई थी।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान ब्रह्मदेव मिश्रा ने बताया कि वह आवास विकास क्षेत्र में टहलने गए थे। इसी दौरान कार सवार लोगों ने पीछे से उनके मुंह पर कपड़ा लगाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। उनका कहना है कि जब उन्हें होश आया तो वह कटरा क्षेत्र के एक खेत में पड़े थे और उनके शरीर पर कपड़े भी नहीं थे।
उन्होंने बताया कि किसी तरह राहगीर से मदद मांगी। राहगीर उन्हें बाइक से भीड़भाड़ वाले इलाके में छोड़कर गया, जिसके बाद उनकी पहचान और परिजनों तक सूचना पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस अस्पताल में भर्ती ब्रह्मदेव मिश्रा से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल उनके बयान के आधार पर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
