200 लाख करोड़ के निवेश के नाम पर निजी क्षेत्र को बढ़ावा देने के बजाय सार्वजनिक विद्युत व्यवस्था मजबूत करे केंद्र सरकार: अवधेश कुमार वर्मा
निजी भागीदारी के अनावश्यक विस्तार पर लगे अंकुश, सरकारी बिजली कंपनियों को आत्मनिर्भर बनाने पर हो जोर
लखनऊ। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन में अगले दो दशकों में विद्युत क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाओं के बीच उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने मांग उठाई है कि निजी भागीदारी के अनावश्यक विस्तार पर अंकुश लगाते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली वितरण कंपनियों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाए।देश की सर्वोच्च केंद्रीय सलाहकार समिति (CERC-CAC) के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि बिजली कोई सामान्य व्यापारिक उत्पाद नहीं, बल्कि आम जनता की बुनियादी जरूरत है। इसलिए विद्युत क्षेत्र की नीतियों में निजी कंपनियों के व्यावसायिक हितों के बजाय करोड़ों उपभोक्ताओं का हित सर्वोपरि होना चाहिए।उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार स्वयं स्वीकार कर रही है कि वित्त वर्ष 2024-25 में देश की सभी डिस्कॉम सामूहिक रूप से कर-पश्चात लाभ की स्थिति में पहुंच गई हैं, तो फिर सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को और मजबूत बनाने के बजाय निजी भागीदारी के विस्तार को सुधार का विकल्प क्यों बनाया जा रहा है? सरकारी बिजली कंपनियों को पर्याप्त संसाधन, तकनीकी क्षमता, कर्मचारियों की भर्ती और जवाबदेह प्रबंधन देकर आत्मनिर्भर बनाया जाना चाहिए।अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि विद्युत सुधार का मतलब केवल स्मार्ट मीटर लगाना और निजी निवेश लाना नहीं है। असली सुधार सही बिलिंग, गुणवत्तापूर्ण 24 घंटे बिजली आपूर्ति, भ्रष्टाचार पर अंकुश और उपभोक्ताओं को राहत देने से होगा। केंद्र सरकार स्पष्ट करे कि 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश का कितना लाभ सार्वजनिक क्षेत्र को मिलेगा और उपभोक्ताओं पर इसका क्या आर्थिक प्रभाव पड़ेगा।उपभोक्ता परिषद की मांग है कि विद्युत मंत्रियों का सम्मेलन सार्वजनिक विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने, निजी भागीदारी के अनावश्यक विस्तार पर अंकुश लगाने और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए ठोस राष्ट्रीय कार्ययोजना तैयार करे।
