एक परमीशन, दो खेतों में मिट्टी खनन! नियमों को ठेंगा दिखाने का आरोप
परमीशन की शर्तों की जांच हुई तो खुल सकता है पूरा मामला, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
खुटार, शाहजहांपुर। क्षेत्र के गांव बिजौरा बिजौरिया में मिट्टी खनन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, खनन के लिए परमीशन एक खेत की ली गई है, जबकि मिट्टी का खनन दो अलग-अलग खेतों में किए जाने की बात सामने आ रही है। यदि यह जानकारी सही है तो यह परमीशन की शर्तों के उल्लंघन का मामला हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि कथित तौर पर एक ही परमीशन की आड़ में दो स्थानों पर खनन किए जाने की चर्चा के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर पुलिस और अन्य अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर एक खेत की परमीशन पर दूसरे खेत में खनन कैसे किया जा रहा है और इसकी निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि खनन की अनुमति किस गाटा संख्या और कितने क्षेत्रफल के लिए जारी की गई है। क्या मौके पर उसी स्थान पर खनन हो रहा है, जहां की अनुमति दी गई है? इसकी राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम से निष्पक्ष जांच कराई जानी जरूरी है। जांच में अनियमितता सामने आने पर खननकर्ता के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों की भूमिका भी तय की जानी चाहिए।
शाहजहाँपुर पुलिस DM Shahjahanpur Dharmendra Pratap Singh

Leave a Reply