प्रधानमंत्री आवास के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप, गरीब महिला ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
शाहजहांपुर। खुटार ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहसपुर के मजरा सिंधुपुर निवासी गरीब महिला शिमला देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 की प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की सूची में पात्र होने के बाद उसका नाम शामिल किया गया था। आवास आईडी 161442167 के तहत सर्वे भी हो चुका है, लेकिन अभी तक उसे आवास की किस्त नहीं मिली। मजदूरी करके परिवार चलाने वाली शिमला देवी अपनी पांच पुत्रियों के साथ झोपड़ीनुमा कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।
पीड़िता के मुताबिक, ब्लॉक कार्यालय में आवास के संबंध में जानकारी लेने पहुंचने पर एक कर्मचारी ने कथित तौर पर आवास स्वीकृत कराने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगे। रुपये देने में असमर्थता जताने पर अभद्र जवाब देने का भी आरोप लगाया है।
महिला ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी समेत सात अधिकारियों को शिकायत की प्रतिलिपि भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, खंड विकास अधिकारी रामचंद्र यादव ने बताया कि शिकायत अभी उनके पास नहीं आई है। शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कराई जाएगी।
सवाल यह है कि पात्र होने के बावजूद गरीब महिला को प्रधानमंत्री आवास का लाभ क्यों नहीं मिला? अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और महिला को उसका हक कब मिलता है।
#Shahjahanpur #Khutar #PMAY #जनसमस्या #प्रधानमंत्रीआवासयोजना

Leave a Reply