संविधान दिवस पर जनपद न्यायालय में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का पाठ, स्कूली बच्चों को भी बताए मौलिक अधिकार और कर्तव्य

संविधान दिवस पर जनपद न्यायालय में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का पाठ, स्कूली बच्चों को भी बताए मौलिक अधिकार और कर्तव्य

 

न्यायिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली मौलिक कर्तव्यों की शपथ, तक्षशिला पब्लिक स्कूल में सचिव अपेक्षा सिंह ने बच्चों को शिक्षा के अधिकार की दी जानकारी

 

शाहजहांपुर। संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहांपुर के तत्वावधान में जनपद न्यायालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया तथा संविधान में उल्लिखित मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ ली।

 

उ0 प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 26 नवंबर को सुबह नौ बजे पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। इसी क्रम में प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहांपुर के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

 

इस अवसर पर बताया गया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया।

 

इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह ने तक्षशिला पब्लिक स्कूल शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के अधिकार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा का अधिकार एक मौलिक अधिकार है, जिसके तहत छह से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य प्रारंभिक शिक्षा पाने का कानूनी हक प्राप्त है।

 

सचिव ने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के मानसिक, सामाजिक और आर्थिक विकास की मजबूत नींव है। यह सही और गलत की पहचान करने, आत्मनिर्भर बनने तथा बेहतर समाज के निर्माण में सक्षम बनाती है।

 

कार्यक्रम के दौरान सचिव अपेक्षा सिंह ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों के साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। साथ ही न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य की जानकारी दी।

 

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।

 

#शाहजहांपुर #संविधानदिवस #ConstitutionDay #जिलाविधिकसेवाप्राधिकरण #जिला_न्यायालय_शाहजहांपुर #अपेक्षासिंह #तक्षशिलापब्लिकस्कूल #शिक्षाकाअधिकार #RTE #भारतीयसंविधान #संविधानकीप्रस्तावना #न्याय #स्वतंत्रता #समानता #बंधुत्व #उत्तरप्रदेश

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *