नौ दिन बाद महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान, ई-रिक्शा में छूटा सोने-चांदी के आभूषणों से भरा ट्रॉली बैग पुलिस ने सकुशल लौटाया
इटावा। रेलवे स्टेशन से घर लौटते समय ई-रिक्शा में छूटा महिला का कीमती सामान आखिरकार नौ दिन बाद पुलिस ने खोज निकाला। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, 4,500 रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था। फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते महिला को उसका पूरा सामान सकुशल वापस मिल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटावा की भूपस्टेट कॉलोनी निवासी रचना 15 नवंबर को रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा के जरिए अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान जल्दबाजी में उनका ट्रॉली बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया। जब उन्हें बैग गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। बैग में कीमती आभूषण और नकदी होने के कारण महिला काफी परेशान हो गईं। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और खोए हुए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने बैग की तलाश शुरू की। पुलिस लगातार प्रयास करती रही और आखिरकार 24 नवंबर को ट्रॉली बैग को उसके अंदर रखे समस्त सामान सहित सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बरामद सामान में सोने की दो अंगूठियां, चांदी की एक कमरधनी, सोने का एक ओम, 4,500 रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने महिला रचना को उनके परिजनों की मौजूदगी में पूरा सामान सुपुर्द कर दिया।