यूपी पंचायत चुनाव पर बड़ा खुलासा! अब कब चुने जाएंगे गांव के नए प्रधान?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव का इंतजार कर रहे लोगों को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। योगी सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को एक बार फिर छह महीने के लिए प्रशासक नियुक्त करने का फैसला लिया है।
पंचायती राज विभाग ने 26 नवंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है। इसके बाद गांवों में फिलहाल पुरानी व्यवस्था ही जारी रहेगी।
छह महीने और संभालेंगे गांव की जिम्मेदारी
सरकार के आदेश के मुताबिक, निवर्तमान ग्राम प्रधान 27 नवंबर से अगले छह महीने तक प्रशासक की जिम्मेदारी निभाएंगे। इससे पहले उनका पांच साल का निर्वाचित कार्यकाल 25 मई 2026 को समाप्त हो गया था। इसके बाद 26 मई से उन्हें पहली बार छह महीने के लिए प्रशासक बनाया गया था। अब इस अवधि को दोबारा बढ़ा दिया गया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि प्रधानों का निर्वाचित कार्यकाल नहीं बढ़ाया गया है, बल्कि उन्हें अस्थायी तौर पर गांव की प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आखिर क्यों टल रहे पंचायत चुनाव?
यूपी में पंचायत चुनाव में देरी की बड़ी वजह ओबीसी आरक्षण की प्रक्रिया मानी जा रही है। इसके लिए गठित समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद आरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सकेगा। इसी वजह से सरकार ने आयोग का कार्यकाल भी बढ़ाया है, ताकि पंचायत चुनाव से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख
पंचायत चुनाव में देरी का असर जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों पर भी पड़ा है। जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल 11 जुलाई और ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल 19 जुलाई को समाप्त हो चुका है। फिलहाल इन पदों पर भी प्रशासकीय व्यवस्था लागू है।
कब होंगे यूपी पंचायत चुनाव?
योगी सरकार के नए फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि यूपी में पंचायत चुनाव कब कराए जाएंगे। फिलहाल सरकार ने चुनाव की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। चुनाव का कार्यक्रम ओबीसी आयोग की रिपोर्ट, आरक्षण प्रक्रिया और राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियों के बाद ही सामने आएगा। ऐसे में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को अभी इंतजार करना होगा। फिलहाल 27 नवंबर से अगले छह महीने तक गांवों की जिम्मेदारी निवर्तमान प्रधानों के हाथों में ही रहेगी।

Leave a Reply