खुटार में अवैध प्लाटिंग का बड़ा खेल! कृषि भूमि पर बस रहीं कॉलोनियां, सरकारी जमीनों पर भी कब्जा

—खुटार में अवैध प्लाटिंग का बड़ा खेल! कृषि भूमि पर बस रहीं कॉलोनियां, सरकारी जमीनों पर भी कब्जा*****

—-बिना भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन कराए काटे जा रहे आवासीय प्लॉट, स्टांप शुल्क और राजस्व चोरी की भी आशंका; लेखपाल से एसडीएम तक की भूमिका की निष्पक्ष जांच की उठी मांग*****

खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक इन दिनों आवासीय प्लाटिंग का कारोबार तेजी से फैल रहा है। कृषि योग्य भूमि पर नियमों को दरकिनार कर धड़ल्ले से प्लॉट काटे जा रहे हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर बिना नियमानुसार भू-उपयोग परिवर्तन कराए ही कृषि भूमि को आवासीय कॉलोनी का रूप दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, कुछ प्लाटिंग में सरकारी भूमि को भी शामिल कर बेचने की आशंका जताई जा रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में प्लाटिंग का कारोबार चल कैसे रहा है? क्या संबंधित लेखपालों को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जानकारी में होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है?

कागजों में कृषि भूमि, जमीन पर खड़ी हो रहीं कॉलोनियां नियमों के मुताबिक कृषि भूमि का आवासीय इस्तेमाल करने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत भू-उपयोग परिवर्तन कराना जरूरी है। इसके बावजूद क्षेत्र में ऐसी कई प्लाटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां कृषि भूमि पर प्लॉट काटकर बिक्री की जा रही है। यदि इनकी जांच कराई जाए तो भू-उपयोग परिवर्तन, विकास संबंधी अनुमति, रजिस्ट्री और राजस्व अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।

सरकारी जमीनों पर भी नजर, कौन कराएगा सीमांकन?

स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ प्लाटिंग में सरकारी जमीन को शामिल कर बिक्री की जा रही है। यदि ऐसा है तो यह केवल राजस्व चोरी का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति पर अतिक्रमण का गंभीर विषय है। सवाल है कि सरकारी जमीनों का सीमांकन क्यों नहीं कराया जा रहा? राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि की मौके पर स्थिति का सत्यापन आखिर कब होगा?

स्टांप शुल्क और राजस्व को लग रहा चूना?

प्लॉटिंग के कारोबार में भूमि की वास्तविक प्रकृति और इस्तेमाल को छिपाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। यदि कृषि भूमि को आवासीय प्लॉट के रूप में बेचा जा रहा है तो संबंधित दस्तावेजों, बैनामों, स्टांप शुल्क और भू-उपयोग की जांच जरूरी है।

लेखपाल से एसडीएम तक जवाबदेही तय हो

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम चल रहे इस कारोबार की जानकारी राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को भी है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या विभाग किसी शिकायत का इंतजार कर रहा है या फिर बिना जांच के ही प्लाटिंग कारोबारियों को खुली छूट मिली हुई है?

—चकबंदी के समय सामने आ सकता है जमीनों का बड़ा विवाद***

जानकारों के मुताबिक कृषि भूमि पर अनियोजित आवासीय निर्माण और प्लाटिंग का असर भविष्य में चकबंदी, भूमि पैमाइश और सरकारी जमीनों की पहचान पर पड़ सकता है। इससे किसानों और ग्रामीणों के बीच सीमा विवाद बढ़ने के साथ सरकारी भूमि की पहचान करना भी मुश्किल हो सकता है।

अब सवाल यह है कि जिला प्रशासन खुटार क्षेत्र की सभी संदिग्ध प्लाटिंग का स्थलीय निरीक्षण कब कराएगा? क्या संबंधित लेखपालों की रिपोर्ट की जांच होगी? क्या सरकारी भूमि का सीमांकन कराकर अवैध कब्जों को चिह्नित किया जाएगा?

शाहजहाँपुर पुलिस Admfr Shahjahanpur MYogiAdityanath DM Shahjahanpur

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *