बण्डा उपमंडी में फर्जी प्रवेश पर्चियों का आरोप, बिना धान आवक के खरीद का दावा
शाहजहांपुर। बण्डा उपमंडी में धान खरीद के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जी प्रवेश पर्चियां काटे जाने का आरोप लगा है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के रणजीत सिंह उर्फ राजू का दावा है कि मंडी में धान की आवक नहीं हो रही, इसके बावजूद सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद दर्शाई जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद में देरी के चलते किसानों ने पहले ही अपना धान राइस मिलों को बेच दिया था, लेकिन उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल सका। अब राइस मिलों में पहले से पहुंच चुके धान को सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों के नाम चढ़ाए जाने का आरोप है। इसी के जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी प्रवेश पर्चियां काटने का खेल चलने की बात कही गई है।
रंजीत सिंह उर्फ राजू ने कहा कि मंडी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जाए तो धान की वास्तविक आवक और खरीद की स्थिति सामने आ सकती है। उन्होंने मांग की कि मंडी में ट्रॉलियों की आवक और सरकारी खरीद के रिकॉर्ड का मिलान कराया जाए।
मंडी इंस्पेक्टर विजयपाल ने बताया कि जिस दिन की धान आवक की जानकारी चाहिए, उसके लिए लिखित आवेदन देना होगा। आवेदन मिलने के बाद ही संबंधित दिन की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
फर्जी प्रवेश पर्चियों के आरोपों के बीच अब मंडी की वास्तविक आवक और सरकारी खरीद के रिकॉर्ड की जांच की मांग उठ रही है।
#पर्चीखेल #शाहजहांपुर #बण्डा #धानखरीद #किसान #भारतीयकिसानयूनियन #मंडी

Leave a Reply