जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला;
दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
कलान (शाहजहांपुर) थाना कलान क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने विपक्षियों पर एकराय होकर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर परिवार के कई लोगों को घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित लवलेश सिंह के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह करीब 9:35 बजे जमीन के विवाद को लेकर विपक्षियों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर कुल्हाड़ी और डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान संदीप के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं परिवार के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। एक महिला के हाथ में गंभीर चोट आने और हड्डी टूटने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने थाना कलान में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से पीड़ित परिवार में रोष है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
UP Police