***नगर निगम की कार्यशैली पर उठे सवाल, विकास कार्यों की फाइलें दबीं ही रहतीं हैं***
–दो महीने पहले हुए राज्य सेक्टर के टेंडर अब तक नहीं खुले, वार्डों में सफाई और जलकल व्यवस्था भी सवालों के घेरे में
शाहजहांपुर। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना जब भी अपने गृह जनपद शाहजहांपुर आते हैं तो निर्माण कार्यों, अधूरे पड़े कार्यों और विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हैं। इसके बावजूद नगर निगम की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के हवाले से नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी पर विकास कार्यों की फाइलों को आगे न बढ़ाने और योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी के आरोप लगाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले राज्य सेक्टर के तहत हुए टेंडर अब तक नहीं खोले गए हैं। ऐसे में विकास कार्यों की गति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, नगर निगम के कामकाज को देखते हुए अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और क्षेत्रीय निरीक्षण भी जरूरी माने जा रहे हैं। आरोप है कि नगर आयुक्त कार्यालय में सीमित समय ही देती हैं और आम लोगों को उनसे मिलने में भी परेशानी होती है।
एक मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर नगर आयुक्त मौजूद नहीं थीं। इस दौरान जनसुनवाई अपर नगर आयुक्त भान सिंह ने की। हालांकि, नगर आयुक्त की अनुपस्थिति के संबंध में कार्यालय में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण नहीं हो रहा है। जिन वार्डों में पार्षद स्वयं सक्रिय होकर व्यवस्थाएं देख रहे हैं, वहां स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, जबकि अन्य क्षेत्रों में समस्याएं बनी हुई हैं।
जलकल विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। शहर में जगह-जगह पानी की पाइपलाइनों में लीकेज की शिकायतें सामने आ रही हैं। जेल रोड पर जेल के सामने करीब 15 दिनों तक लीकेज होने की बात कही जा रही है। समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण वहां सड़क पर गड्ढा भी हो गया। ऐसे में सवाल उठता है कि इस तरह की समस्याओं की जिम्मेदारी किस अधिकारी की है और इनका समय रहते समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह भी शिकायत है कि नगर आयुक्त से फोन पर संपर्क करना मुश्किल होता है। ऐसे में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्याएं पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर निगम की कार्यशैली को लेकर उठ रहे इन सवालों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दे रहे हैं, तो उन निर्देशों का धरातल पर कितना पालन हो रहा है? यदि समय रहते विकास कार्यों की फाइलों को आगे नहीं बढ़ाया गया और सफाई व जलकल जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो इसका राजनीतिक नुकसान भी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की छवि पर पड़ सकता है।
