Skip to content

Untitled post

चौढेरा में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, दौड़ और भारोत्तोलन में खिलाड़ियों ने जीते पदक, विजेताओं को अपर जिला अधिकारी ने किया गया सम्मानित

 

स्वतंत्र भारत भावलखेड़ा शाहजहांपुर।

युवक मंगल दल चौढेरा के सौजन्य से मंगलवार को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, दौड़ और भारोत्तोलन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शाहजहांपुर अरविंद कुमार तथा विशिष्ट अतिथि जिला ओलंपिक संघ के सचिव नागेंद्र कुमार त्यागी ने किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय पाल वर्मा तथा अन्य अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक विकास के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।

 

प्रतियोगिता के परिणामों में वॉलीबॉल में संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम विजेता तथा चौढेरा की टीम उपविजेता रही। कबड्डी में नगरपाल की टीम ने विजेता तथा बादशाहनगर की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग अंडर-14 की 100 मीटर दौड़ में मानसी प्रथम, छवि द्वितीय और प्राची तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग 200 मीटर दौड़ में रितेश प्रथम, आयुष द्वितीय और आसमन तृतीय रहे। अंडर-16 की 100 मीटर दौड़ में देव ने प्रथम, सचिन ने द्वितीय और विवेक ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-18 की 400 मीटर दौड़ में निखिल प्रथम, अनमोल द्वितीय और शिवांश तृतीय रहे।

 

खो-खो बालिका वर्ग में गुवारी की टीम विजेता तथा चौढेरा की टीम उपविजेता रही। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में 85 किलोग्राम भार वर्ग में सीता राठौड़, 55 किलोग्राम में उर्वशी, 69 किलोग्राम में जोहरा खान तथा 57 किलोग्राम में शैलवी मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 69 किलोग्राम भार वर्ग में इशिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में 55 किलोग्राम भार वर्ग में कौशल, 65 किलोग्राम में जितिन तथा 50 किलोग्राम में ईशू सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 65 किलोग्राम में वरुण और 55 किलोग्राम में पुष्पेंद्र द्वितीय रहे, जबकि ओमकार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा चौढेरा ने प्रायोजक के रूप में सहयोग किया। गार्गी वेलफेयर सोसाइटी का भी विशेष सहयोग रहा। आयोजन की व्यवस्था में गौरव मिश्रा, नेहा कुशवाहा, आशीष कुमार राजपूत, सोनू, शुभम कुमार, अभय कुमार और अभिषेक राजपूत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवक मंगल दल की ओर से नेहा कश्यप, अंशिका राजपूत, शिखा शर्मा, मुस्कान गुप्ता और अल्पना वर्मा ने भी आयोजन में सक्रिय सहयोग किया।

 

प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना रामचंद्र मिशन की पुलिस फोर्स तैनात रही। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे खिलाड़ियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

 

युवक मंगल दल चौढेरा के अध्यक्ष इंद्रजीत लोधी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि अब इस तरह की जिला स्तरीय प्रतियोगिता प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाएगी, ताकि युवाओं का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास हो सके तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।

Article topics

Leave a comment

Leave a Reply