Skip to content

Untitled post

मेडिकल कॉलेज विवाद: पांचवें दिन भी कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग

 

शाहजहांपुर। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और कांग्रेस नेताओं के बीच चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस ने अब आर-पार की लड़ाई का रुख अपना लिया है। बुधवार को लगातार पांचवें दिन एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रफी उल हसन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

 

ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर मनमानी करने और ओपीडी व्यवस्था प्रभावित होने के आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस ने डॉक्टर हर्षवर्धन और अंशुमान पर मरीजों के इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

 

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कोतवाली पुलिस ने दबाव में आकर घटना वाले दिन ही संदीप, अनुज और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी समेत अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। संदीप और अनुज को जेल भेजे जाने के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका।

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में तालाबंदी और ओपीडी प्रभावित होने से दूर-दराज से आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि ओपीडी का संचालन सुचारू कराया जाए तथा विवाद की जांच पूरी होने तक संबंधित दोनों डॉक्टरों और प्राचार्य राजेश कुमार को निलंबित किया जाए।

 

एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

 

इस दौरान पीसीसी सदस्य कृष्ण विनोद मिश्रा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एवं प्रभारी संगठन फुरकान अहमद कुरैशी, जिला महासचिव संजय सक्सेना, गौरव त्रिपाठी, अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सईद अंसारी, जिला सचिव फरमान खान, शाका खान और परवेज अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

#Shahjahanpur #MedicalCollege #Congress #NSUI #UttarPradesh

Article topics

Leave a comment

Leave a Reply