संविधान दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली, पोस्टर प्रतियोगिता में राधिका पाठक प्रथम।

 

कायमगंज (फर्रुखाबाद): शकुंतला देवी बालिका इंटर कॉलेज में संविधान दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की एनसीसी कैडेट्स ने पोस्टर प्रतियोगिता और जागरूकता रैली के माध्यम से समाज को संविधान के महत्व का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम का आयोजन यूनिट 4 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमान अधिकारी कर्नल विजेंद्र शारदा के निर्देशन में किया गया, जिसमें विद्यालय की सब-यूनिट की कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पोस्टर प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स ने अपनी कला के जरिए संविधान में निहित अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को बखूबी दर्शाया। प्रतियोगिता में राधिका पाठक ने प्रथम और आन्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

 

प्रतियोगिता के उपरांत कैडेट्स ने नगर में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आम लोगों को संविधान का सम्मान करने, नागरिक कर्तव्यों का पालन करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडेट्स को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान की जानकारी होनी चाहिए और विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, एनसीसी सह अधिकारी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा और विकास श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

#SamvidhanDiwas #ConstitutionDay #KaimganjNews #FarrukhabadNews #NCCIndia #UPGirlsBattalionNCC #ShakuntalaDeviInterCollege #AwarenessRally #PosterCompetition #HamaraSamvidhanHamaraSwabhiman #UPNews #LocalNews