धान खरीद नीति 2026–27 में संशोधन की मांग: लक्ष्य के मुकाबले महज 6% खरीद पर राइस मिलर्स एसोसिएशन ने जताई चिंता

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (MLC) डॉ. सुधीर गुप्ता तथा प्रदेश महामंत्री एकांश गुप्ता ने अपर खाद्य आयुक्त, खाद्य एवं रसद (जवाहर भवन, लखनऊ) को भेजा पत्र

 

शाहजहांपुर / लखनऊ।पश्चिमी उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन ने धान खरीद नीति 2026–27 में राइस मिलर्स और किसानों के हित में महत्वपूर्ण संशोधन किए जाने की मांग को लेकर अपर खाद्य आयुक्त, खाद्य एवं रसद (जवाहर भवन, लखनऊ) को पत्र भेजा है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (MLC) डॉ. सुधीर गुप्ता तथा प्रदेश महामंत्री एकांश गुप्ता की ओर से भेजे गए इस पत्र में धान खरीद की धीमी गति और सख्त नियमों से उत्पन्न व्यावहारिक दिक्कतों का प्रमुखता से उल्लेख किया गया है।

पत्र के अनुसार, 25 नवंबर 2026 तक FCS खाद्य पोर्टल पर लगभग 4 लाख टन धान की सरकारी खरीद दर्ज हुई है, जबकि वर्ष 2026–27 के लिए प्रदेश में 65 लाख टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित है। एसोसिएशन ने बताया कि अब तक लक्ष्य का मात्र 6 प्रतिशत धान ही खरीदा जा सका है, जिसकी प्रमुख वजह नीति के नियमों को अत्यधिक सख्त किया जाना है।

 

पत्र में उठाई गई प्रमुख मांगें और बिंदु

 

#35 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि की बहाली: राइस मिलर्स को पूर्व में मिलने वाली 35 रुपये प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि समाप्त होने से मिलों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा। निर्धारित कुटाई दर में बिजली, श्रमिक, परिवहन व अन्य परिचालन खर्च पूरे करना कठिन है। समय पर CMR आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इसे बहाल करने की मांग की गई है।

#अटैचमेंट व्यवस्था में व्यावहारिक विकल्प: ऑटोमेटिक ऑनलाइन अटैचमेंट से राइस मिलों को दूरस्थ क्रय केंद्रों से जोड़ा जा रहा है, जिससे समय और परिवहन लागत बढ़ रही है। मांग की गई है कि RFC आईडी पर प्रत्येक क्रय केंद्र से कम से कम 6 राइस मिलों को जोड़ने का विकल्प मिले तथा पूर्व की भांति मैनुअल अटैचमेंट व्यवस्था भी लागू हो।

#किसान आईडी की अनिवार्यता पर रोक: बड़ी संख्या में किसानों की किसान आईडी न बनने और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में किसान MSP पर धान बेचने से वंचित रह सकते हैं। पुरानी पंजीकरण व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया गया है।

100 क्विंटल तक राजस्व सत्यापन में छूट: रजिस्ट्रेशन के बाद राजस्व विभाग से सत्यापन की अनिवार्यता से सीमांत किसानों (100 क्विंटल तक) को परेशानी व उत्पीड़न झेलना पड़ता है। 100 क्विंटल तक की बिक्री में सत्यापन से छूट देने की मांग की गई है।

#’एनोमली डिटेक्शन’ और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था: ‘एनोमली डिटेक्शन’ से आ रही समस्याओं को हटाने तथा क्रय केंद्रों से धान भेजने के दौरान ट्रांसपोर्ट ठेकेदारों की ऑनलाइन प्राप्ति व कथित उत्पीड़न की समस्या दूर करने की मांग की गई है, ताकि केंद्र प्रभारी खरीद से पीछे न हटें।

एसोसिएशन का कहना है कि नियमों में आवश्यक शिथिलता और उपर्युक्त संशोधनों से ही सरकारी खरीद व्यवस्था सुचारु हो सकेगी, राइस मिल उद्योग का अस्तित्व बच पाएगा और किसानों को अपनी उपज का उचित MSP लाभ मिल सकेगा।

@highli