खुटार में धान खरीद पर उठे सवाल, बंद क्रय केंद्रों पर भी कागजों में हो रही तौल!
पुवायां, निगोही और सिंधौली के किसानों का धान खुटार में बिकने का रिकॉर्ड, मौके पर न कांटा मिला और न धान का स्टॉक
शाहजहांपुर खुटार क्षेत्र में सरकारी धान खरीद व्यवस्था सवालों के घेरे में है। सहकारी समितियों के क्रय केंद्रों पर कहीं ताला लटका मिला तो कहीं धान का स्टॉक और तौल होती नजर नहीं आई। इसके बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में धड़ल्ले से धान खरीद दर्ज होने का मामला सामने आया है।
उत्तर नरायनपुर विक्रमपुर सहकारी समिति पर सुबह 11 बजे ताला लटका मिला। मौके पर न बैनर था और न कांटा, लेकिन केंद्र प्रभारी ने बुधवार को 250 क्विंटल धान खरीद होने का दावा किया। वहीं मलिका सहकारी समिति पर धान का स्टॉक नहीं मिला, जबकि यहां लगभग 4100 क्विंटल खरीद दर्ज बताई गई। केंद्र प्रभारी ने बुधवार को 180 क्विंटल धान तौलने की जानकारी दी।
खास बात यह है कि दोनों केंद्रों पर पुवायां, निगोही, सिंधौली और बंडा क्षेत्र के दूरदराज गांवों के किसानों से धान खरीद दर्ज होने की बात सामने आई है। किसान नेताओं ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग उठाई है।
एसडीएम पुवायां सदानंद सरोज ने संबंधित क्रय केंद्रों की खरीद और स्टॉक की जांच कराने की बात कही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब केंद्रों पर ताला लटका है और मौके पर धान मौजूद नहीं है, तो सरकारी रिकॉर्ड में खरीद और तौल कैसे हो रही है?
#शाहजहांपुर #खुटार #धानखरीद #किसान #सरकारीखरीद




Leave a Reply