5.25 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नवीन जनपद पंचायत भवन, राज्य मंत्री राधा सिंह ने किया भूमिपूजन
विधायक रामनिवास शाह की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम, ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं
सिंगरौली, 26 नवंबर 2026। बैढ़न में 525.67 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन जनपद पंचायत भवन का भूमिपूजन मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता जनपद पंचायत बैढ़न की अध्यक्ष सविता सिंह ने की।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष नरेश शाह एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत बरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रामीण विकास कार्यों को मिलेगी गति
राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी। राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह भवन जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि आधुनिक जनपद पंचायत भवन का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद ग्रामीण अंचलों से आने वाले नागरिकों को अपने कार्यों के निष्पादन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा विभागीय कार्यों में भी सुगमता आएगी।
नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।




Leave a Reply