🚨 वार्ड 17 और 40 में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, क्षतिग्रस्त पुलिया पर भी डाल दी बजरी

 

तेल टंकी ढलान से पीली मस्जिद तक बन रही सड़क में मानकों की अनदेखी के आरोप, तीन महीने से शिकायतों के बावजूद समस्याएं बरकरार

 

शाहजहांपुर। शहर के वार्ड संख्या 17 और 40 में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर मोहल्लेवासियों में नाराजगी है। तेल टंकी ढलान के नीचे से वाल्मीकि वाली गली होते हुए पीली मस्जिद तक बन रही सड़क में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और निर्माण मानकों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर पुरानी क्षतिग्रस्त सड़क को पूरी तरह तोड़े बिना उसके ऊपर ही बजरी डाल दी गई। वहीं, खराब पड़ी पुलिया की मरम्मत कराए बिना उसके ऊपर भी बजरी डालकर निर्माण किए जाने का आरोप है।

 

नाली निर्माण में भी एकरूपता नहीं होने की शिकायत की गई है। लोगों के मुताबिक, कहीं मकानों के चौतरे तोड़ दिए गए तो कहीं उन्हें छोड़ दिया गया। नालियों के चैंबर अधूरे हैं और जल निकासी की समस्या बनी हुई है।

 

मोहल्लेवासियों का दावा है कि जर्जर विद्युत पोल बदलवाने, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और चैंबर बनवाने के लिए करीब तीन महीने से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। लोगों ने जर्जर विद्युत पोल से हादसे की आशंका जताई है।

 

नागरिकों ने नगर निगम के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक मोटाई, निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

 

अब सवाल यह है कि जनता के टैक्स से बन रही सड़क की गुणवत्ता की जांच कब होगी? क्या नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर मोहल्लेवासियों की शिकायतों का संज्ञान लेंगे?

 

#Shahjahanpur #नगर_निगम #सड़क_निर्माण #जनसमस्या #वार्ड17 #वार्ड40


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *