**** 10 दिसंबर से बिजली कर्मियों के कार्य बहिष्कार का अल्टीमेटम***
👉25 हजार रुपये वेतन, नौकरी की सुरक्षा और 20 लाख मुआवजे समेत 10 मांगों को लेकर संविदा कर्मियों का सत्याग्रह**
**शाहजहांपुर।** बिजली विभाग में तैनात संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने 10 दिसंबर तक मांगों का निस्तारण न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल द्वितीय को ज्ञापन सौंपकर विभाग और शासन से समस्याओं के समाधान की मांग की है।
बुधवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना के नेतृत्व में संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर एक दिवसीय सत्याग्रह किया। इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन विसंगति, सेवा सुरक्षा और विभागीय समायोजन सहित 10 प्रमुख मांगें उठाईं।
संगठन की मांग है कि आउटसोर्स सेवा निगम में संविदा कर्मचारियों को शामिल किया जाए। कुशल श्रमिक और कुशल लाइनमैन को 25 हजार रुपये तथा अकुशल श्रमिक को 22 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाए। इसके अलावा हटाए गए 55 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखने और सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 60 वर्ष लागू करने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर आश्रित परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, विभाग के रिक्त टीजी-2 और श्रमिक पदों पर संविदा कर्मियों का समायोजन करने तथा पूर्व कार्यदायी संस्था ओरियन कंपनी के कार्यकाल का पीएफ खातों में जमा कराने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा मंडल में चार कुशल उपकेंद्र परिचालक और दो अकुशल हेल्पर रखने, बायोमेट्रिक फेसियल अटेंडेंस व्यवस्था में संविदा कर्मियों को शामिल करने तथा ईएसआई कार्ड और परिचय पत्र उपलब्ध कराने की मांग की गई।
संगठन ने चेतावनी दी कि 10 दिसंबर तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो पूर्व में दिए गए नोटिस के अनुसार कार्य बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन पर प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना, मध्यांचल अध्यक्ष अशोक कुमार पाल, जोन प्रभारी राजेश कुमार, जिला अध्यक्ष मुनीश पाल समेत अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। वहीं पर यह भी बताया गया है कि शासन स्तर से सुनवाई नहीं हो पा रही है l
#myyogiaditynath
Leave a Reply